चीन दक्षिण चीन सागर में अपना सैन्य दबदबा गुपचुप तरीके से बढ़ाने की कोशिशों में जुटा है। इसके लिए चीन ने हैनान आईलैंड स्थित अपने युलिन नेवल बेस पर एक ऐसा तहखाना तैयार किया है जिसमें पनडुब्बियों को भी छुपाया जा सकता है। अमेरिकन इमेजिंग कंपनी प्लेनेट लैब्स की ओर से जारी कुछ सैटेलाइट इमेजेस से इसकी यह कारगुजारी उजागर हुई है। इस फोटो को सबसे पहले 18 अगस्त को रेडियो फ्री एशिया (आरएफपी) ने अपने ट्विटर अकाउंट से पोस्ट किया गया था।
सामने आई इमेज में युलिन नेवल बेस पर एक चीनी पनडुब्बी तहखाने की ओर बढ़ती नजर आ रही है। इसके आसपास दो चीनी पोत भी नजर आ रहे हैं। इसके टाइप 093 पनडुब्बी होने का अंदाजा लगाया जा रहा है। 093 पनडुब्बियां तीन तरीके की होती हैं। चीन के पास एटमी हथियारों, टोर्पेडो और मिसाइलों से लैस ऐसी कई पनडुब्बियां हैं।
पनडुब्बियों को तहखाने में छुपाने की यह फोटो
रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, पहले भी ऐसी खबरें आ चुकी हैं कि चीन अपने मिसाइलों और हथियारों को तहखाने में छुपाकर रखता है। हालांकि,चीनी पनडुब्बियों को तहखाने में छिपाने की फोटो पहली बार सामने आई है। ऐसा फोटो लेना मुश्किल है। ऐसा सिर्फ तब मुमकिन है जब पनडुब्बी को तहखाने में छिपाने से पहले कोई कॉमर्शियल सैटेलाइट ठीक उसके ऊपर मौजूद हो। फोटो स्पष्ट है जिससे पता चलता है कि जिस समय यह सैटेलाइट के कैमरे में कैद हुआ उस समय आसमान साफ रहा होगा।
अब यूलिन बेस पर नजर रखना मुश्किल होगा
चीन का युलिन नेवल बेस हॉन्कॉन्ग से करीब 470 किमी. दक्षिण पश्चिम में है। इसे हैनान आइलैंड के दक्षिण किनारे पर बनाया गया है। चीन हमेशा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अपने पोतों को यहां तैनात रखता है। चीन के इस नेवल बेस पर अमेरिका की भी नजर होती है। सीएनएन न्यूज के मुताबिक, अमेरिका नौसेना की खुफिया इकाई साल में एक बार इस आइलैंड के पास अपने जेट भेजता है, जिससे चीन की हरकतों का पता चलता रहे। हालांकि, अब तहखाना तैयार करने के बाद चीन आसानी से अपने जहाजों और पनडुब्बियों को इनमें छिपा सकेगा। ऐसे में चीन वहां क्या कर रहा है इसका अंदाजा लगाना मुश्किल होगा।
दक्षिण चीन सागर में अमेरिका और चीन के बीच रहा है तनाव
दक्षिण चीन सागर में अमेरिका और चीन के बीच पिछले कुछ सालों में कई बार तनाव की स्थिति पैदा हुई है। इस साल 6 अप्रैल को चीन और अमेरिका के पोत 100 मीटर की दूरी पर आमने सामने आए थे। अक्टूबर 2018 में भी एक चीनी पोत अमेरिकी वॉरशिप के 41 मीटर करीब पहुंच गया था। जून 2018 में अमेरिका के विमानों ने दक्षिण चीन सागर में उड़ान भरी थी, इस पर चीन ने आपत्ति जताई थी। दक्षिण चीन सागर एक विवादित समुद्री क्षेत्र है। चीन, वियतनाम, फिलिपींस और ताइवान इसके अपना हिस्सा होने का दावा करते हैं। फिलहाल यह चीन के कब्जे में है।
आप चीन से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ सकते हैं...
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31dAKgC
https://ift.tt/3l43Ois
0 Comments